ज्ञानपुर। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होते ही रविवार शाम को ही प्रशासन ने जगह-जगह लगे राजनीतिक, गैर राजनीतिक बैनर, पोस्टर के खिलाफ अभियान चला दिया। एडीएम राम सिंह वर्मा और एसडीएम ज्ञानपुर कविता मीणा के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कई स्थानों से बैनर-पोस्टर हटवाया। इसी तरह अन्य क्षेत्रों में प्रशासन की ओर से बैनर-पोस्टर हटाने की कार्रवाई की गई।
रविवार शाम को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव की तारीखें तय करने के साथ ही देश भर में आचार संहिता लागू हो गई। आचार संहिता को प्रभावी बनाने में प्रशासन पूरी तैयारी से जुट गया है। एडीएम और एसडीएम दर्जन भर से अधिक कर्मचारियों के साथ दुर्गागंज तिराहा, राजा पार्क, हरिहरनाथ मंदिर समेत अन्य कई स्थानों से बैनर-पोस्टर को हटवाया। एडीएम ने कहा कि आचार संहिता लगने के बाद 24 घंटे के अंदर सभी बैनर-पोस्टर हटवाया जाना है। तीनों एसडीएम, नगर पंचायत, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, सभी बीडीओ को निर्देश जारी कर दिया गया है। गांव से लेकर बाजार और नगरों में लगे बैनर-पोस्टर सोमवार शाम तक हर हाल में हटा दिया जाए। आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत सभी कार्य होंगे।