ज्ञानपुर। विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज का मैदान नौ फरवरी को एक बार फिर 150 जोड़ों के सामूहिक विवाह का गवाह बनेगा। तीसरे चरण में 150 गरीब बेटियों के हाथ पीले होंगे। इसमें 146 जोडों का हिंदू रीति-रिवाज से विवाह तो चार जोड़ों का मुस्लिम रीति रिवाज से निकाह कराया जाएगा। इसके पूर्व दो चरणों में करीब 110 जोड़ों की शादी हो चुकी है।
गरीब बेटियों की शादी में कोई अड़चन न आए, इसके लिए वर्ष 2017 के अंत तक मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को लागू किया गया। शुरुआत में इस योजना से जोड़ों पर 35 हजार खर्च किया जाता था, लेकिन कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री ने रकम दोगुनी से अधिक कर दी। पिछले दिनों जिलाधिकरी राजेंद्र प्रसाद ने सभी बीडीओ, सभी अधिशासी अधिकारियों को पत्र भेजकर जोड़ों के चयन का निर्देश दिया था। सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने मेहनत कर करीब 150 जोड़ों को शादी कराने के लिए नामित किया। जिला समाज कल्याण अधिकारी मीना श्रीवास्तव ने कहा कि 150 जोड़ों की शादी कराई जाएगी, जिसमें 146 जोड़े हिंदूू और चार जोड़े मुस्लिम हैं। उन्होंने कहा कि शादी समारोह की तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके पूर्व पहले चरण में 35 और दूसरे चरण में 75 जोड़ों को शादी कराई जा चुकी है।