ज्ञानपुर। बुधवार को जिला अस्पताल में पांच चिकित्सक अपने केबिन से नदारद थे। जबकि उनसे परामर्श लेने के लिए बड़ी संख्या में मरीज इधर-उधर भटकते दिखे। सीएमएस ने कहा कि कुछ चिकित्सक स्वास्थ्य समस्याओं के कारण अवकाश पर हैं।
ठंड के उतार चढ़ाव के चलते जिला चिकित्सालय में सांस और ब्लड प्रेशर के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। वहीं घंटों इंतजार के बावजूद कक्ष में डॉक्टर न मिलने पर मरीजों को प्राइवेट अस्पतालों में जेब ढीली करनी पड़ रही है। इस संबंध में सीएमएस डॉक्टरों के छुट्टी पर होने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। आरोप है कि अक्सर ओपीडी कक्ष तो खुला मिलता है, लेकिन उसमें डाक्टर नहीं रहते हैं। बुधवार को जिले के अलग-अलग जगहों से आए राजीव कुमार बिंद, पूनम, महेंद्र बहादुर सिंह, पुष्पेंद्र समेत कई मरीज ओपीडी के सर्जरी कक्ष, नेत्र रोग विभाग, दंत विभाग, बाल रोग विभाग के बाहर घंटेभर तक डॉक्टर की प्रतीक्षा में बैठे रहे। महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि पूछने पर चिकित्सालय कर्मचारी कहते हैं साहब कहीं आसपास होंगे, इंतजार करो आ रहे होंगे। लेकिन घंटेभर इंतजार के बावजूद जब साहब नहीं आए तो मजबूरन उन्हें निजी चिकित्सालयों की ओर रुख करना पड़ा। इस संबंध में सीएमएस डॉ. धरमवीर प्रसाद ने कहा कि कुछ डाक्टर छुट्टी पर हैं, लेकिन ड्यूटी के समय अपने कक्ष से गायब रहना ठीक नहीं है। ऐसे डाक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।