भदोही। विश्व हिंदू महासंघ की बैठक रविवार को मेनरोड स्थित महादेव मंदिर प्रांगण में हुई। बैठक में जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार मिश्र ने कहा कि सरकार की योजनाओं का जनमानस को लाभ दिलाने के लिए संगठन को गंभीरता से काम करना होगा। कहा योजनाओं की पात्रता के बारे में लोगों को न केवल जागरूक करें बल्कि यह भी देखें कि उनका भेदभाव रहित क्रियान्वयन हो। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों को आई कार्ड का भी वितरण किया गया।
बैठक में गौधन के संरक्षण पर जोर दिया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि गऊ माता के संरक्षण में हमारा और आपका सहयोग अति आवश्यक है। समाज में ऐसे भी लोग हैं जो गाय का इस्तेमाल केवल दूध के लिए करते हैं। गऊ माता के बूढ़ी होने पर रात के अंधेरे में दूसरे गांव में ले जाकर छोड़ आते हैं, जो उचित नहीं हैं। जिला उपाध्यक्ष कमलेश्वर वैश्य ने संगठन को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि ना गलत करें और ना गलत होने दें। बैठक में संगठन के दो दर्जन पदाधिकारियों को आई कार्ड वितरित कर उन्हें जिम्मेदारी का अहसास कराया गया। लोगों से अपेक्षा की गई कि जनता के बीच जाकर संगठन का प्रचार प्रसार करें। अध्यक्षता डा.पूर्णमासी विश्वकर्मा ने और संचालन हरिलाल पाल ने किया। मुख्य रूप से महंत बाबा पथिक दास, निहाला दूबे, मोहन यादव, सौरव सिंह, विवेक त्रिपाठी, रामराज प्रजापति, छोटेलाल बिंद, मातृशक्ति, संजू श्रीवास्तव, संजय मिश्र, राजकुमार साहू, विजय विश्वकर्मा, सुबेदार सिंह यादव, अजय विश्वकर्मा आदि रहे।