भदोही। विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी ने कहा कि शासन कालीन नगरी के लोगों की समस्या के समाधान को संकल्पित है। जनहित के कार्यों के लिए धन की कमी नही है। आने वाली गर्मियों में अभी से पेयजल की बेहतर व्यवस्था की जाए। आवश्यकताओं की एक सूची मुझे दें ताकि शासन स्तर से प्रयास हो सके। वे मंगलवार को दोपहर मिनी सदन की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में ठेके पर श्रमिक रखने की निविदा को मंजूरी दी गई।
विधायक ने कहा कि नगर पालिका से नागरिकों की जो अपेक्षाएं हैं वह पूरी की जाएंगी। फिलहाल पेयजल पर विशेष ध्यान देना है। जहां पीने के पानी की समस्या हो वहां समस्या दूर की जाए। जलभराव व स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान देने की बात उन्होंने कही। पालिकाध्यक्ष अशोक जायसवाल ने सदस्यों को बताया की सदन में 51 निविदाओं के अनुमोदन से ठेके पर श्रमिकों के रखने, मेला त्योहारों व अन्य आयोजनों पर तैयारियों, सभी 25 वार्ड में इंटरलाकिंग सड़क, भूमिगत नाली व सीवर लाइन विस्तार योजनाओं को स्वीकृति मिल जाने से शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। अध्यक्ष ने यह भी बताया कि मलिकाना, जमुंद, काजीपुर, चकदिवानगान में 25 लाख की लागत से अलग अलग भूमिगत नाली और इंटरलाकिंग सड़क निर्माण को मंजूरी मिली है। संचालन ईओ पूर्णिमा ने किया। जिला पंचायत सदस्य सचिन त्रिपाठी के अलावा करुणा शंकर दूबे, गुलाम संजरी, हसीब खां, महेंद्रनाथ बिंद, दानिश सिद्दीकी, राधा देवी, रमेश सरोज, इरशाद अंसारी, गिरधारी जायसवाल, संजय यादव, रचना मौर्य, जितेंद्र यादव, मुन्नीलाल यादव, सुजीत यादव, रंजीता देवी, मंदाकिनी देवी, नेेेेहा, सबीना बेगम, नेहा परवीन, मो.अफसर, नजरुन, हेमंत कुमार, राकेेेेश कुमार उपस्थित रहे।