ज्ञानपुर। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एकीकृत बागवानी मिशन की समीक्षा बैठक में विभाग की ओर से चलाई जा रही योजनाओं पर प्रकाश डाला गया।
डीएम राजेंद्र प्रसाद ने एकीकृत बागवानी मिशन में चयनित लाभार्थी सावित्री राय पत्नी विशंभर राय को 20 हार्सपावर के ट्रैक्टर पर एक लाख का अनुदान और चाभी दिया। डीएम ने कहा कि लघु सीमांत किसानों को अनुसूचित जाति और सामान्य वर्ग के आधार पर अनुदान राशि तय की गई है। योजना के तहत नींबू, अमरूद, बेर, आंवला, अनार, संतरा, मुसम्मी आदि के पौधे रोपे जा सकेंगे। उद्यानिक खेती करने के लिए किसान को केवल एक बार लागत लगानी होगी। इसके बाद वह कई सालों तक फसल ले सकेगा। परंपरागत खेती के मुकाबले उद्यानिक खेती में किसान तीन गुना से भी अधिक मुनाफा अर्जित कर सकता है, इसमें नुकसान की गुंजाइश कम होती है। इस मौके पर एडीएम राम सिंह वर्मा, शैलेंद्र दूबे, अजय कुमार सिंह, पंकज कुमार मिश्रा आदि रहे। इसी तरह प्रयागराज में 16 दिसंबर को कुंभ मेले में पीएम के आगमन को लेकर हुई बैठक में एआरटीओ अनुपस्थित रहे। उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया। मौके पर डीडीओ जयकेश त्रिपाठी, राकेश सिंह आदि मौजूद रहे।