चौरी/लालानगर। यातायात माह में पुलिस ने बुधवार को विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाकर छात्र-छात्राओं को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया। चौरी क्षेत्र के एक विद्यालय में औराई सीओ रामकरन और गोपीगंज में कोतवाली प्रभारी शेषनाथ पांडेय ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने की सीख दी।
चौरी क्षेत्र के सरबतखानी स्थित इंटर कॉलेज में सीओ औराई ने छात्राओं को यातायात के नियमों की विस्तार से जानकारी दी। कहा कि बाइक सवार हेलमेट और चौपहिया सवार सीट बेल्ट लगाकर ही वाहन चलाएं। इससे खुद की जान सुरक्षित रहेगी और सामने वाला भी सुरक्षित रहेगा। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने भी यातायात के नियमों की जानकारी दी। इस मौके पर जितेंद्र यादव, साजिद सिद्दीकी, परमहंस, राकेश पाठक, पप्पू सिंह, नन्हे सिंह, शिवम शुक्ला आदि लोग मौजूद रहे। गोपीगंज नगर के मिर्जापुर रोड स्थित कैंब्रिज एकेडमी विद्यालय और पड़ाव स्थित गुलाबधर मिश्र इंटरमीडिएट कॉलेज के छात्र-छात्राओं को गोपीगंज कोतवाल ने यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया। हेलमेट लगाकर सुरक्षित वाहन चलाने, ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन करने, बाइक और कार के कागजात हमेशा दुरुस्त रखने, अपने बाएं से चलने, ट्रैफिक सिग्नल का नियमानुसार पालन करने, रोड पार करते समय जेब्रा लाइन का ध्यान रखने के साथ ही अन्य नियमों की जानकारी दी। स्कूल की कक्षा 10 की छात्रा वैभि तिवारी, स्नेहा सोनी, हर्ष चौबे ने ट्रैफिक नियमों के बारे में पुलिस अफसर से सवाल पूछे। इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक विकास अग्रवाल, चौकी प्रभारी सुशील त्रिपाठी, कॉलेज के प्रधानाचार्य बुद्धिसागर अवस्थी आदि मौजूद रहे।
‘नशे की हालत में न चलाएं वाहन’
सुरियावां। नगर के बाइपास चौक पर सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा के तहत गोष्ठी आयोजित कर ऑटो चालकों को जागरूक किया गया। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने ऑटो चालकों को बताया कि सुरक्षित ढंग से वाहन चलाएं। अत्यधिक गति से वाहन न चलाएं। वाहन चलाते समय सड़क पर कलाबाजी न करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग कदापि न करें, नशे की स्थिति में और नींद आए तो वाहन न चलाएं। निरीक्षक ने कहा कि हेलमेट जीवन सुरक्षा के लिए जरूरी है। इस मौके पर नसीमुद्दीन सिद्धकी, रमेश सिंह, बाबूराम यादव, संजय सिंह आदि मौजूद रहे।
भाषण में बेटियों ने दिखाई वाकपटुता
ज्ञानपुर। उप संभागीय परिवहन विभाग की ओर से विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में बुधवार को सड़क दुर्घटना, कारण एवं निवारण विषय पर भाषण प्रतियोगिता में माता सेवक इंटर कॉलेज बैरीबीसा की छात्रा मीनाक्षी मिश्रा प्रथम रहीं। दूसरे स्थान पर दयावंती पुंज मॉडल स्कूल की छात्रा श्वेता पाठक और तीसरे स्थान पर वीएनजीआईसी के संदीप मिश्रा रहे। मीनाक्षी को 21 हजार, श्वेता को 11 हजार और संदीप मिश्र को सात हजार रुपये देकर पुरस्कृत किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक चौरसिया और एआरटीओ सत्येंद्र यादव ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का आगाज किया। एसडीएम ज्ञानपुर अमृता सिंह ने भी छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि भदोही विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।