ज्ञानपुर/औराई। जिले की तीनों तहसीलों में बुधवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एक बार फिर 95 फीसदी से अधिक फरियादियों को बिना न्याय पाए लौटना पड़ा। 247 प्रार्थना पत्रों में नौ का निस्तारण हो सका जबकि 238 मामले लंबित रह गए। तीनों तहसीलों में पूर्ति और राजस्व विभाग की सबसे अधिक शिकायतें आईं। मंगलवार को गांधी जयंती होने से बुधवार को तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। औराई तहसील में डीएम राजेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया। विभिन्न विभागों के कुल 96 प्रार्थना पत्र आए जिसमें छह का निस्तारण किया गया शेष संबंधित विभाग को सौंपा गया। डीएम नेे अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जन की शिकायतों को गंभीरता से लें। उन्होनें अधिकारियों से कहा कि सरकार की चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों को दिया जाए। क्रास चेकिंग में अगर मामलों का निस्तारण नहीं किया मिला तो संबंधित अधिकारी पर सख्त कार्रवाइ्र की जाएगी। मौके पर सीडीओ हरिशंकर सिंह, प्रभारी एसपी डॉ. संजय कुमार, सीएमओ डॉ. सतीश सिंह, डॉ. आरबी मौर्य, डीडीओ जयकेश त्रिपाठी, बीएसए अमित कुमार, डीआईओएस, एसडीएम आदि रहे। ज्ञानपुर तहसील में एडीएम राम सिंह वर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के 87 प्रार्थना पत्र आए जिसमें तीन का निस्तारण किया गया। मौके पर एसडीएम अमृता सिंह, तहसीलदार सुनील कुमार आदि रहे। भदोही तहसील में एसडीएम यमुनाधर चौहान की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। यहां कुल 64 प्रार्थना पत्रों में एक का भी निस्तारण नहीं हो सका।