ज्ञानपुर। लोकसभा चुनाव से पूर्व बसपा ने अपना जिलाध्यक्ष बदल दिया। पूर्व मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य जोन इंचार्ज राजू गौतम ने डीघ विकास खंड के तुलसीपट्टी गांव निवासी जय प्रकाश चौधरी को बसपा का नया जिलाध्यक्ष बनाया। निर्देश दिया कि पार्टी को चुस्त-दुरूस्त करें। 2014 के लोकसभा और 2017 विधानसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार के बाद 2019 में बसपा फूंक-फूंककर अपना कदम रखना चाहती है। लल्लू राम गौतम और बैजनाथ गौतम के बाद पद्मभूषण को पार्टी की ओर से जिलाध्यक्ष बनाया गया था लेकिन वह लंबी पारी नहीं खिंच सके। चुनाव से पूर्व जय प्रकाश चौधरी को अध्यक्षी सौंप दी गई। वर्श 1991 से बसपा के प्राथमिक सदस्य बने जय प्रकाश चौधरी ने बूथ, सेक्टर अध्यक्ष से राजनीति की शुरूआत की। उसके बाद विधानसभा सचिव, अध्यक्ष और जिला प्रभारी भी रहे। पार्टी के प्रति ईमानदार एवं कर्मठता को देखते हुए यह जिम्मेदारी दी गई।