ज्ञानपुर (भदोही)। ज्योतिषीय गणना के हेरफेर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव दो दिन मनाया गया। सोमवार की रात पुलिस लाइन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस दौरान जिलाधिकारी विशाख जी और पुलिस कप्तान सचींद्र पटेल भी मौजूद रहे। रात्रि के ठीक 12 बजे जैसे ही कान्हा का जन्म हुआ बंधाइयां बजने लगीं।
इससे पूर्व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें लोक कलाकार राजेश परदेसी और बनारस की अर्चना तिवारी ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। श्रीकृष्ण का जन्म होते ही कलाकारों ने सोहर गाए। इस पर अधिकारियों और ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने कलाकारों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर पुलिस के तमाम बड़े अधिकारी मौजूद रहे। इसी तरह जिला जेल में भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। विभिन्न थानों पर मंगलवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। ज्ञानपुर कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह की देखरेख में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। जिले के लगभग सभी थानों पर कृष्ण जन्मोत्सव की धूम रही। पर्व के निमित्त थानों और जेल को विधिवत सजाया गया था। तमाम श्रद्धालुओं ने घरों पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया। इस दौरान आकर्षक झांकी सजाई गई।
कृष्ण और सुदामा की दोस्ती देती है सीख
सुभाषनगर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मौके पर मंगलवार की शाम को ऊंज था ने में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी विशाख जी, पुलिस अधीक्षक सचिंद्र पटेल भी पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम का जाएजा लिया और आयोजन की सराहना भी की। डीएम ने कहा कि कृष्ण और सुदामा की दोस्ती से हमें यह सीख मिलती है कि दोस्ती में अमीरी और गरीबी की कोई अहमियत नहीं होती। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष हौसिला प्रसाद पाठक, एसओ सुनील वर्मा समेत अन्य लोग थे।