गोपीगंज/लालानगर। गोपीगंज नगर के मिर्जापुर तिराहे पर शनिवार की शाम करीब सात बजे बाइक सवार अधेड़ की टैंकर से कुचलकर मौत हो गई। तिराहे पर पिकेट ड्यूटी के बाद भी पुलिस के न पहुंचने पर नागरिकों ने सड़क जाम कर दिया। घटना के करीब आधा घंटे बाद पहुंचे एसओ मनोज पांडेय ने जाम समाप्त कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
औराई थाना क्षेत्र के वनमालीपुर ग्राम निवासी शिवशंकर तिवारी (55) शनिवार को अपने ननिहाल हरदेवपुर गए थे। शाम करीब छह बजे ननिहाल से अपने पुत्र आशीष तिवारी के साथ घर वापस लौट रहे थे। चौराहा पार करके मिर्जापुर त्रिमुहानी पर पहुंचे ही थे कि वाराणसी की तरफ जा रहे टैंकर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे पीछे बैठे शिवशंकर असंतुलित होकर गिर गए। ट्रक का पहिया उनके सिर को रौंदते हुए निकल गया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद टैंकर छोड़कर चालक फरार हो गया। जानकारी मिलने पर आसपास के बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। पुलिस के न रहने पर लोगों में नाराजगी बढ़ गई। इससे नाराज नागरिकों ने पुलिस के खिलाफ सड़क जाम कर दिया। सूचना पाकर आधे घंटे बाद पहुंचे एसओ ने जाम समाप्त कराया। घटना में मृतक का पुत्र बाल-बाल बच गया लेकिन पिता की मौत से वह भी बदहवास हो गया था। सूचना पाकर मृतक के परिवार और रिश्तेदारी के लोग पहुंच गए थे।