भदोही। वस्तु एवं सेवा कर शनिवार से लागू हो गया। पहले दिन बाजार शांत रहा। बाजार में वस्तुओं की खरीदारी कम पूछताछ ज्यादा हुई। वस्तुओं के दाम घटे या बढ़े, इसको लेकर लोगों में कौतूहल रहा। लोग कंप्यूटर, इलेट्रानिक्स, बाइक शोरूम के चक्कर लगाते रहे। उपभोक्ताओं की माने तो पहले दिन कीमतों की चाल बहुत स्पष्ट नहीं हो सकी। बाजार में व्यापारियों, दूकानदारों का यह कहना है कि पहले दिन बिलिंग करने की हिचकिचाहट रही। अधिकतर लोगों ने बिलिंग नहीं किए। उपभोक्ता वेट एंड वाच की मु्द्रा में रहे।
जीएसटी लागू होने के पहले दिन केवल चर्चा पर जोर रहा। जगह-जगह इसके लाभ-हानि पर चर्चा होती रही। राशन और अनाज की कीमतें नहीं बढ़ेंगी, कंप्यूटर और इलेक्ट्रानिक्स बाजार में सरकार ने बड़ी चालाकी से जीएसटी दर तय किए हैं। 350 सीसी से ऊपर की बाइकों की कीमत पर जीएसटी के अलावा अतिरिक्त प्रभार थोप दिया है। अर्थात ऊंची कीमत की बाइक खरीदने पर अतिरिक्त जेब ढीली होगी। कंप्यूटर की कीमतें मामूली रूप से बढ़ेंगी लेकिन सरकार ने महंगे मानिटर और प्रिंटरों की श्रेणी पर अधिक जीएसटी दर रखा है। कुल मिलाकर पहले दिन बाजार में भीड़ तो रही लेकिन खरीदारी करने वालों की नहीं। कटरा बाजार, स्टेशन रोड, अहमदगंज, मेनरोड पर दुकानों में उपभोक्ता दिखे लेकिन लोगों में जीएसटी को लेकर संशय की स्थिति रही। जो उपभोक्ता खरीदारी के मूड में थे, वे भी पूछताछ तक ही सीमित रह गए। स्वर्णाभूषण पर जीएसटी का असर पड़ेगा। ज्वेलर्स का कहना है कि आभूषण बनवाई पर जीएसटी देय होगा। इससे कीमतों में मामूली उछाल आना तय है।