अवर अभियंता परीक्षा में जाने से पहले चेकिंग के समय लाइन में लगे अभ्यर्थी। संवाद
ज्ञानपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से रविवार को जिले के छह केेंद्रों र अवर अभियंता (सिविल) की मुख्य परीक्षा हुई। कड़ी निगरानी के बीच संपन्न हुई। परीक्षा में पंजीकृत 2640 अभ्यर्थियों में से 304 अनुपस्थित रहे। वहीं 2336 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया।
अवर अभियंता (सिविल) की मुख्य परीक्षा को लेकर जिले में काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर में दो केेंद्रों के अलावा विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर, जिला पंचायत बालिका इंटर काॅलेज ज्ञानपुर, इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर काॅलेज भदोही व एमए समद इंटर काॅलेज भदोही को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थी पहुंचने लगे थे। सुबह 10 बजे से निर्धारित परीक्षा के दृष्टिगत नौ बजे प्रवेश शुरू किया गया। केंद्रों पर तैनात सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की निगरानी में हर अभ्यर्थी को गेट पर पूरी गहनता के साथ जांच कर प्रवेश दिया गया। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। कहीं से अनुचित साधन का प्रयोग करने जैसी कोई शिकायत सामने नहीं आई है।