ज्ञानपुर। कोरोना वायरस कोविड-19 के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर भदोही जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। अब तक 1281 लोगों का स्वैब जांच के लिए भेजा गया, जिनमें से 281 की रिपोर्ट अब तक नहीं आ पाई है। एक हजार लोगों की जांच रिपोर्ट आ चुकी है। इनमें से 39 मरीज कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। 14 लोगों की जांच रिपोर्ट 72 घंटे से अधिक समय से लंबित पड़ी है।
औराई क्षेत्र के उदयकरनपुर गांव की महिला को ट्रेन में प्रसव होने के कारण जौनपुर जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और वहीं से उसका स्वैब जांच के लिए भेजा गया, इसलिए उसे भदोही जिले के पॉजिटिव संक्रमितों में नहीं गिना जा रहा है। पोर्टल पर उसकी जांच रिपोर्ट जौनपुर जिले में दिखाई जा रही है।
वैसे तो लॉकडाउन 23 मार्च से ही शुरू हो गया था, लेकिन भदोही जिले में पहला कोरोना पॉजिटिव केस 10 अप्रैल को सामने आया। इसके बाद एक-एक करके यह आंकड़ा बढ़ता रहा। शनिवार तक जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की तादाद 39 तक पहुंच गई। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह के मुताबिक अब तक भेजे गए 1281 लोगों के सैंपल में से 1000 की जांच रिपोर्ट मिल चुकी है। इनमें से 39 पॉजिटिव हैं, जबकि तीन लोगों की रिपोर्ट मौत के बाद पॉजिटिव आई थी। शनिवार तक सात लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका था। 14 मामले ऐसे हैं, जिनकी जांच रिपोर्ट तीन दिन से अधिक समय से लंबित पड़ी है। जबकि कुल 281 लोगों की जांच रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। बीएचयू के कई कर्मचारियों के पॉजिटिव हो जाने के बाद अब सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा जा रहा है। वहां से रिपोर्ट आने में समय लग रहा है।