ज्ञानपुर। कोरोना संक्रमण के बीच रविवार का दिन कालीन नगरी वालों के लिए सुखद रहा। करीब एक महीने बाद जिले में कोरोना संक्रमण का मीटर ठिठक गया। 2200 से अधिक लोगों की रिपोर्ट में मात्र दो पॉजिटिव मिले। इससे लोगों ने राहत की सांस ली। होम आइसोलेशन में रहे 27 संक्रमितों ने कोरोना को मात दी। इससे एक्टिव केस की संख्या 178 रह गई है। रविवार को मिले दोनों संक्रमित गोपीगंज और कठौता के रहने वाले हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में 2221 लोगों की जांच रिपोर्ट आई, इसमें दो की पॉजिटिव और 2219 की निगेटिव रही। सीएमओ डॉ. संतोष चक ने कहा कि वैक्सीनेशन का असर है कि अब संक्रमित कम हो रहे हैं, लेकिन गाइडलाइन का पालन करना जरूरी है।