ज्ञानपुर। वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण योजना से जिले की 37 राजकीय हाईस्कूल की 2500 बेटियां जूडो-कराटे में दक्ष होंगी। उन्हें सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके लिए परियोजना कार्यालय से एक-एक विद्यालय को 15-15 हजार रुपये जारी किया गया है। अगस्त से इसका प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। एक मास्टर ट्रेनर पर तीन विद्यालयों की जिम्मेदारी दी जाएगी। जिले में 33 राजकीय हाईस्कूल और पांच राजकीय इंटर कॉलेज संचालित हैं। इसमें विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज पीएम श्री योजना में चयनित है। 37 विद्यालयों में करीब चार हजार से अधिक छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं। इसमें ढाई हजार छात्राएं शामिल है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की तरह राजकीय हाईस्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं को सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके लिए 12 मास्टर ट्रेनर का चयन किया जाएगा। एक-एक मास्टर ट्रेनर तीन-तीन विद्यालयों पर छात्राओं को प्रशिक्षण देंगे। जिला समन्वयक माध्यमिक प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि बालिकाओं में आत्मविश्वास पैदा करने और जागरूक करने के उद्देश्य से शासन ने वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण योजना शुरू की है। 37 राजकीय विद्यालयों में जूडो-कराते का प्रशिक्षण दिया जाना है। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय को 15-15 हजार रुपये जारी किया गया है। विपरीत परिस्थितियों में मुकाबला करने के लिए छात्राओं को मार्शल आर्ट के साथ जूडो-कराटे और ताइक्वांडो की ट्रेनिंग भी दी जाएगी।