ज्ञानपुर। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों संग बैठक हुई। इसमें मतदेय स्थलों के समायोजन, जीर्ण-शीर्ण एवं ध्वस्त भवनों में संचालित मतदेय स्थलों को लेकर चर्चा की गई। जिसमें तय हुआ कि 1200 से अधिक मतदाता वाले बूथों के समायोजन के बाद 1404 की जगह 1379 बूथ बनेंगे।
डीएम ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अब किसी भी मतदेय स्थल पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं रहेंगे। ऐसे मतदेय स्थल जहां वर्तमान में 1200 से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं, वहां अतिरिक्त मतदाताओं का उसी मतदान केंद्र के अन्य उपयुक्त मतदेय स्थलों में नियमानुसार समायोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतदाताओं के समायोजन एवं मतदेय स्थलों के सम्भाजन की प्रस्तावित कार्रवाई के बाद वर्तमान के 1404 मतदेय स्थलों के स्थान पर 1379 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मतदेय स्थलों के समायोजन की पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपादित की जाएगी। इस मौके पर एडीएम शुभांगी शुक्ला, धर्मेन्द्र मिश्र, आशुतोष पांडेय, जजलाल राय, राम प्रसाद यादव, जय प्रकाश चौधरी, अरदास श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव आदि रहे।