फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गेहूं खरीद को खुले 24 केंद्र, पहले दिन नहीं हुई बोहनी

विज्ञापन
विज्ञापन
ज्ञानपुर। जिले में बृहस्पतिवार से गेहूं खरीद का आगाज हो गया। विपणन सहित विभिन्न एजेंसियों के खुले 24 केंद्रों पर पहले दिन खरीद की बोहनी तक नहीं हुई। अभी फसल की कटाई में एक सप्ताह का समय है। इसके बाद ही केंद्रों पर अनाज की आवक होगी। सरकार ने इस बार गेहूं का समर्थन मूल्य 1975 रुपये प्रति क्विंटल रखा है। जिले में गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित नहीं है, जितना गेहूं केंद्रों पर आएगा, उतनी खरीद होगी। फसल की कटाई में भी विलंब है। वैसे, शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने 24 क्रय खोल दिए हैं। गोपीगंज मंडी के साथ ही ग्रामीण इलाकों और कस्बों में भी केंद्र खोले गए हैं। कुछ केंद्रों पर ई-पास मशीन पहुंची है जबकि कई केंद्रों पर ई-पास मशीन नहीं पहुंची है। उसके एक सप्ताह में आने की उम्मीद है। ऐसे में यदि किसान अनाज लेकर आए तो खरीद में बाधा आ सकती है। शासन ने इस बार ई- पास मशीन से ही खरीद का निर्देश दिया है। मशीन की जीपीएस लोकेशन शासन से ट्रेस की जाएगी। ताकि किसानों के खेत अथवा खलिहान में जाकर अनाज खरीदने की परंपरा पर रोक लग सके। डिप्टी आरएमओ श्याम कुमार मिश्रा ने बृहस्पतिवार को खरीद की तैयारी के मद्देनजर गोपीगंज मंडी समिति, नथईपुर समेत तीन केंद्रों का निरीक्षण किया। केंद्र प्रभारियों को किसानों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि केंद्रों पर 50 हजार से अधिक बोरे, किसानों के बैठने, सैनिटाइजर और पेयजल की व्यवस्था की गई है। प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि किसानों से बेहतर व्यवहार करें। गेहूं खरीद के दौरान कोरोना संक्रमण को लेकर भी एहतियात बरती जा रही है। क्रय केंद्रों पर साबुन-पानी का घोल बनाकर रखा गया है। इससे किसानों के हाथ धुलवाए जाएंगे। किसानों को केंद्रों पर मास्क लगाकर ही आने को कहा गया है। वहीं ऑनलाइन टोकन जारी किया जा रहा है। निर्धारित तिथि पर ही किसान केंद्र पर अपना अनाज बेच सकेंगे। इससे भीड़ भी कम होगी। उन्होंने बताया कि क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचने वाले किसानों को 72 घंटे के अंदर ऑनलाइन पद्धति से भुगतान किया जाएगा। अनाज की खरीद के बाद किसानों का डाटा पोर्टल पर अपलोड होगा। शासन स्तर से धनराशि किसानों के खाते में भेजी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें