ज्ञानपुर। कोरोना महामारी को रोकने के लिए जिले में वैक्सीनेशन के महा अभियान में मंगलवार को 22 हजार से अधिक युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं को वैक्सीन लगी। 20 हजार को प्रथम और 1888 को दूसरी डोज लगाई गई। कोरोना की संभावित तीसरी लहर आने से पूर्व ही अधिकतर लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य है। मंगलवार को विशेष अभियान के तहत दो जिला अस्पताल, पांच सीएचसी, 16 अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संग जच्चा-बच्चा केंद्र, प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों को मिलाकर 86 स्थानों पर वैक्सीन लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ो पर गौर करें तो 21 हजार लक्ष्य के सापेक्ष 20 हजार 133 लोगों को प्रथम, 1888 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई। इसमें 18 साल से अधिक उम्र के युवा संग बुजुर्ग और महिलाएं शामिल रहीं। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक ने सीएचसी गोपीगंज में अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि 22 हजार को वैक्सीन लगाने के बाद अब 2800 डोज कोविशील्ड और 4560 डोज कोवैक्सीन विभाग के पास बची है। जिसे बुधवार को केंद्रो पर लगाया जाएगा। सुरियावां सीएचसी प्रभारी डॉ. आरबी पाठक ने महजूदा, पाली समेत कई केंद्रो का निरीक्षण कर चिकित्सकों को दिशा-निर्देश दिया।