ज्ञानपुर। कोइरौना थाना क्षेत्र के मैलौना-सूफीनगर निवासी गुलशन निशा पत्नी मुजफ्फर अली ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की। इस दौरान गुलशन निशा ने आरोप लगाया कि आठ वर्ष पूर्व उनके बड़े पुत्र इरफान की शादी सियाडीह-हंडिया प्रयागराज निवासी नूरीसबा से हुई है। गुलशन ने बताया कि इरफान के दो बच्चे भी है लेकिन बहू नूरीसबा मायके में ही रहना चाहती है। इसके अलावा बताया कि बहू का एक नाबालिग पुत्र उनके साथ ही रहता है। एक अगस्त को बहू नूरीसबा अपने पिता के साथ मैलौना-सूफीनगर पहुंच कर उनके पास रहने वाले अपने नाबालिग पुत्र को अपने साथ मायके ले जाने की जिद करने लगी। गुलशन निशा ने बताया कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो बहू नूरीसबा और उनके पिता ने उनको और उनकी दिव्यांग बेटी रेहाना बेगम के साथ मारपीट की। इसके बाद गुलशन निशा ने इस मामले की जांच कराकर बहू और उसके पिता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में उप निरीक्षक अनवर खान ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है जिसकी जांच की जा रही है।