ज्ञानपुर। आकर्षक सजावट के बीच चाट, ब्रेड पकौड़े से लेकर इडली डोसा और अन्य स्वादिस्ट व्यंजनों की उठती महक या फिर मनोरंजन के साधन के रूप में चल रहे तरह-तरह के गेम। सौंदर्य प्रसाधनों की सजी दुकानें रही हो अथवा अन्य उपयोगी सामानों के स्टाल। मंगलवार को काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के रामलीला मैदान में लायंस क्लब की ओर से लगे मेले की यह मनोहारी छटा लोगों को देर रात तक अपने आकर्षण में बांधे रखा। उमड़ी हजारों की भीड़ ने न सिर्फ मेले का भरपूर आनंद उठाया बल्कि जमकर खरीदारी भी की।
रक्तदान शिविर, नेत्र चिकित्सा शिविर से लेकर अन्य सामाजिक कार्यो के लिए अर्थोपार्जन के उद्देश्य से लायंस क्लब ज्ञानपुर की ओर से केएनपीजी की रामलीला मैदान में आयोजित लायंस मेले में दोपहर बाद से ही भीड़ लगनी शुरू हो गई। देर शाम तक भीड़ हजारों में पहुंच गई। मेले में पहुंचे बच्चे जहां खाद्य सामग्रियों व खिलौनों की दुकानों पर जमे रहे तो युवतियां महिलाएं सौन्दर्य प्रसाधनों की दुकानों पर खरीदारी करने में व्यस्त रहीं। मुख्य अतिथि लायंस क्लब के मंडलाध्यक्ष प्रभात चतुर्वेदी ने मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मेले से अति व्यस्ततम जिंदगी में मनोरंजन को मौका मिल जाता है तो आपसी भाईचारा व सद्भाव को भी बढ़ावा मिलता है। बताया कि मेले के आयोजन का उद्देश्य गरीबों असहायों की सेवा व नि:शुल्क चिकित्सा के लिए धन इकट्ठा करना है। मौके पर आरसी त्रिपाठी, आनंद प्रकाश तिवारी, ला.हरेन्द्र प्रताप सिंह, ला.सुनील कुमार शर्मा, ला.डा.भारतेंदु, ला.अब्दुल वहीद, ला.अरविन्द भट्टाचार्य, रंजीत गुप्ता, संजय तिवारी, कमलेश गुप्ता, नागेंद्र सिंह, राकेश दूबे, संतोष पांडेयय आदि मौजूद रहे।