ज्ञानपुर। क्षेत्र के बेदपुर गांव के एक कुनबे ने आवास निर्माण के लिए जमीन न मिलने पर सोमवार को अफसरों के खिलाफ कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। आरोप है कि तहसील स्तरीय अधिकारियों को कई बार जमीन दिए जाने की मांग की गई, लेकिन उन्हें जमीन नहीं दिया गया। जिससे उनका आवास निर्माण अधर में लटक गया है।
बेदपुर गांव निवासी मंगरूराम, विशाल कुमार, कमला देवी और विजयशंकर बेहद गरीब होने के साथ भूमिहीन हैं। इन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास मिला है। जमीन के आभाव में महीनों से मिला आवास अभी तक नहीं बन पाया है। इसके लिए उक्त लोगों ने एसडीएम और तहसीलदार को कई बार प्रार्थना पत्र देकर जमीन एलाट किए जाने की मांग की। आरोप है कि आश्वासन के बावजूद अभी तक उन्हे जमीन नहीं मिल पाई है। इससे नाराज पीड़ित परिवार के लोग सोमवार को कलेक्ट्रेट पर अधिकारियों के खिलाफ धरने पर बैठ गए। इस दौरान डीएम को प्रार्थना पत्र देकर जमीन उपलब्ध कराए जाने की मांग की। कहा अगर जल्द उन्हें जमीन नहीं दी गई तो परिवार सहित आत्मदाह के लिए मजबूर होगें।