ज्ञानपुर। करीब एक महीने विलंब से शुरू हुई धान की खरीद ने अब रफ्तार पकड़ ली है। एक पखवाड़े में ही खरीद 39.95 फीसदी पहुंच चुकी है। 35 हजार मीट्रिक टन ( एमटी) लक्ष्य के मुकाबले 14 हजार एमटी धान की खरीद हो चुकी है। अब 20 केंद्रों पर धान की खरीद की जा रही है। सोमवार को जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी श्याम कुमार मिश्रा ने गोपीगंज के क्रय केंद्र का निरीक्षण कर प्रभारियों को निर्देशित किया।
रबी और खरीफ सीजन में सरकार किसानों से गेहूं और धान की खरीद करती है। एक नवंबर से फरवरी तक होने वाली धान खरीद के लिए जिले में शुरुआती दौर में 11 केंद्र बनाए गए। नवंबर महीना खरीद की खानापूर्ति में गुजर गया। इसके पीछे मिलरों संग विभागीय आंदोलन रहा। दिसंबर महीने की पहली तारीख से धान की खरीद ने तेजी पकड़ी और 16 दिसंबर तक खरीद 40 फीसदी तक पहुंच गया। विभाग का मानना है कि इसी रफ्तार से खरीद हुई तो दिसंबर के अंत तक शत प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण कर लिया जाएगा। शुरुआत में मात्र नौ केंद्र खुले। हालांकि धीरे-धीरे केंद्रों की संख्या बढ़ती गई और अब 20 क्रय केंद्रों पर खरीद की जा रही है। आंकड़ों पर गौर करें तो 35 हजार एमटी लक्ष्य के मुकाबले अब तक 14 हजार एमटी धान की खरीद हो चुकी है, जो लक्ष्य का 40 फीसदी है। धान खरीद का अवलोकन करने के लिए सोमवार को जिला खाद्य विपणन अधिकारी श्याम कुमार मिश्र गोपीगंज के क्रय केंद्र पर पहुंचे। वहां अब तक 190 किसानों से 1500 एमटी धान खरीदी गई है। उन्होंने बताया कि क्रय केंद्रो पर किसानों की संख्या बढ़ गई है। 35 हजार 900 एमटी के मुकाबले 14 हजार एमटी धान की खरीद हुई है। बताया कि अब तक 1948 किसान लाभान्वित हो चुके हैं, उन्हें 18 करोड़ 25 लाख भुगतान किया गया।