औराई/लालानगर। वाराणसी-प्रयागराज हाईवे शुक्रवार को एक बार फिर भीषण जाम से जकड़ा रहा। औराई से लेकर गोपीगंज पड़ाव तक करीब 10 किमी लंबा जाम रहा। औराई चौराहे और झिलिया पुल से पड़ाव तक घंटों जाम से वाहनों के पहिये हिले तक नहीं। सिक्सलेन निर्माण के चलते जगह-जगह खोदी गई सड़क और संकरी हुई लेन पर वाहनों के फंसने से जाम लग जा रहा है।
औराई चौराहा सुबह से ही जाम में जकड़ गया। चार महत्वपूर्ण जनपदों को जोड़ने वाले भदोही जिले के सबसे बड़े चौराहे की चारों सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सिक्सलेन बनाने वाली एजेंसी की लापरवाही का खामियाजा हाईवे पर पड़ने वाले कस्बे के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। चौराहे की चारों सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं। औराई चौराहे पर बड़े वाहनों का आवागमन अधिक रहता है। चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस न होने से चालकों की थोड़ी सी भी लापरवाही पर भीषण जाम लग जाता है। शुक्रवार सुबह से चौराहा पर ऐसा जाम रहा कि पैदल निकल पाना मुश्किल था। झिलियापुल से गोपीगंज पड़ाव तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। एक लेन पर तीन-तीन कतारों में वाहनों का रेला लगा रहा। गोपीगंज नगर के मिर्जापुर तिराहे पर पुलिस के जवान जाम से जूझते नजर आए, लेकिन वाहनों के रेला के आगे उनके भी पसीने छूट गए। जाम का सबसे बड़ा कारण सिक्सलेन बनाने के लिए सर्विस लेन और नाले तोड़कर और उसे खोदकर छोड़ना है। माना जा रहा है कि अगर कुंभ शुरू होने से पहले चौराहे पर 24 घंटे ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था और सर्विस लेन का कार्य पूर्ण नहीं कराया गया तो भीषण जाम यातायात व्यवस्था को ध्वस्त कर सकता है।
--