सीतामढ़ी। मुख्य फसल गेहूं की बुवाई के लिए ज्ञानपुर पंप नहर परियोजना से पानी नहीं मिलने से किसान खफा हैं। उनका कहना है कि जब खेती के लिए पानी की जरूरत है तब नहरों में धूल उड़ रही है। सरकार किसानों की आय दोगुना करने की बात करती है लेकिन खेतीबारी से जुड़े विभाग किसानों की समस्याएं भी नजरअंदाज कर देते हैं।
अरई गांव के किसान राजकुमार शुक्ला ने कहा कि रबी की मुख्य फसल गेहूं की बुवाई के लिए पानी नही मिल रहा है। खेत खाली पड़े है जब पानी की जरूरत है तब नहरों की सफाई कराई जा रही है। नहर विभाग पानी देने का रोस्टर बदले अन्यथा किसान चुप नहीं बैठेंगे। डीघ गांव के किसान माताचरन तिवारी का कहना है कि नहर विभाग और जिला प्रशासन को रबी के सीजन में नहर चलाने का रोस्टर तत्काल बदल कर नहर को चालू कराना चाहिए। इटहरा के किसान कमला शंकर मिश्रा कहते है कि किसान गेहूं बुवाई कैसे करें। नहर विभाग हर सीजन में समय से पानी नही दे पाता है। विभाग नहर को चलाने के लिए रोस्टर का इंतजार कर रहा है। कुर्सी पर बैठे लोगों को खेती के समय का पता नही है। नारेपार के किसान पं शिवपूजन शुक्ल कहते है कि योगी सरकार से बड़ी उम्मीद थी कि नहरों की स्थिति सुधरेगी और किसानों के हर खेतों तक नहर का पानी पहुंचेगा लेकिन ऐसा नही हो पा रहा है। मांग किया कि नहरों को तत्काल चालू कराया जाए।