भदोही। भदोही ब्लॉक के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 26 नवंबर से शुरू 30 दिवसीय खसरा एवं रुबैला से बचाव के लिए मंगलवार को टीकाकरण अभियान चलाया गया। अलग अलग स्वास्थ्य टीमों ने 53 सरकारी और निजी विद्यालयों जाकर लगभग छह हजार बच्चों का टीकाकरण किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डा.वीके सिंह ने बताया कि कैंप लगा कर 9 माह से 15 वर्ष तक के लगभग 1.38 लाख बच्चों को टीका लगाया जाना है।
उन्होंने बताया कि खसरा और रुबैला में यदि लापरवाही हुई तो यह जानलेवा हो सकता है। अभिभावक हर हाल में अपने बच्चों को टीके लगवाएं। शासन इसके लिए गंभीर है लेकिन अभिभावकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। बताया कि खसरा के वायरस हवा के माध्यम से फैलते हैं। इसके लक्षणों पर चर्चा करते हुए बताया कि प्रभावित व्यक्ति को थकान, बुखार, खांसी, लाल आखें और मुंह के अंदर सफेद दाग देखने को मिलेंगे। इसके सप्ताह होते होते त्वचा पर लाल धब्बेदार चकत्ते पड़ जाते हैं। नईबाजार के सेंट मेरीज स्कूल, सिविल लाइन स्थित वुडवर्ड पब्लिक स्कूल, जलालपुर स्थित ग्रीन व्यू पब्लिक स्कूल, सनबीम स्कूल, सेंट जेवियर स्कूल सहित दर्जनों प्राथमिक विद्यालयों में कैंप लगाकर बच्चों का टीकाकरण किया गया। सनबीम स्कूल के कैंप में खुद एसडीएम यमुनाधर चौहान पहुंचे और लोगों को टीके के लिए प्रेरित किया। कैंपों में डॉ. आरए सरोज, डॉ. नीलेश जायसवाल, डॉ. अफरोज आलम, डॉ. रामाशीष आदि थे।