ज्ञानपुर। जिले के तीनों तहसीलों में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं गई। औराई और ज्ञानपुर तहसील में 17 शिकायतों का निस्तारण किया गया। पूर्व के लंबित प्रकरणों को लेकर डीएम ने नाराजगी जताई। अफसरों को निर्देश दिया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ज्ञानपुर तहसील में अध्यक्षता करते हुए डीएम राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि फरियादियों की समस्याओं को प्राथमिकता से एक सप्ताह में निस्तारित किया जाए। इस दौरान ज्यादातर मामले राजस्व और पुलिस विभाग के जुड़े रहे। अलग-अलग विभागों से कुल 100 फरियादियों ने अपने-अपने प्रार्थना पत्र दिए जिसमें तीन का निस्तारण किया गया। डीएम ने पुराने लंबित प्रकरणों का विभागवार निस्तारण करने का निर्देश दिया। कहा कि शासन के सर्वोच्च प्राथमिकता में संपूर्ण समाधान दिवस आता है, ऐसी स्थिति में अधिकारी अपने-अपने विभागों को गंभीरता से लेते हुए फरियादियों के समस्याओं को समय सीमा के भीतर निस्तारण कराएं। जिला विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी और सहायक प्रशिक्षक राकेश कुमार सिंह ने विधिवत ईवीएम और वीवीपैट का प्रदर्शन किया। विभागों के अधिकारियों को वोटिंग कराकर दिखाया गया कि वोट देगे तो उसकी पर्ची वीवीपैट से सात सेकेंड में निकलेगी। इस मौके पर एसपी राजेश एस, सीडीओ हरिशंकर सिंह, सीएमओ आरएस सहाय, एसडीएम ज्ञानपुर अमृता सिंह, सीओ यादवेंद्र, आरबी मौर्य, डीएसओ तीर्थराज यादव, बीएसए अमित कुमार सिंह, अजय कुमार आदि रहे। इसी तरह औराई तहसील में एसडीएम कविता मीणा और सीओ रामकरन की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें 126 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें 14 निस्तारित किए गए।