ज्ञानपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद से प्रस्तावित 89 परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची करीब-करीब तय हो गई है। तीनों एसडीएम की जांच में दो विद्यालय बोर्ड से तय मानक पूर्ण करते नहीं मिले। उन्हें केंद्र की सूची से बाहर कर दिया गया है, हालांकि प्रशासनिक स्तर से अब तक घोषणा नहीं की गई है। दो केंद्रों के घटने से परीक्षा केंद्रो की संख्या 87 हो जाएगी।
फरवरी 2019 में प्रस्तावित यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी तो वैसे तीन-चार माह पहले से चल रही है। लेकिन, माध्यमिक शिक्षा परिषद से केंद्र निर्धारण की प्रस्तावित सूची आने के बाद सक्रियता बढ़ गई है। शिक्षा विभाग ने जनपदीय समिति को केंद्र निर्धारण की सूची भेज दी थी। डीएम राजेंद्र प्रसाद ने तीनों एसडीएम को सत्यापन कर तीन दिन में रिपोर्ट देने के लिए कहा था। तीनों एसडीएम ने सत्यापन पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत किया। इसमें विदेशी इंटर कॉलेज और खेदौपुर का एक इंटर कॉलेज मानक पूर्ण नहीं किया था, शेष अन्य विद्यालयों में व्यवस्थाएं ठीक मिली। सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर केंद्रो की संख्या दो कम होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार चौरसिया ने कहा कि एसडीएम के सत्यापन के बाद रिपोर्ट आ गई है। जनपदीय समिति केंद्रो की स्थिति तय करेगी। बताते चलें कि बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल के कुल 33,749 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें 17,630 छात्र और 16,119 छात्राएं हैं। इसी तरह इंटर की परीक्षा में 27,884 विद्यार्थी भाग लेंगे। इनमें 14,229 छात्र और 13,655 छात्राएं हैं। पिछली परीक्षा के मुकाबले इस बार छात्र संख्या करीब पांच हजार बढ़ गई है तो केंद्र भी 17 अधिक बने हैं। 2018 में 72 केंद्र बने थे, जबकि 2019 के लिए 89 केंद्र प्रस्तावित हैं। गत वर्ष 57 हजार छात्र-छात्राओं ने बोर्ड परीक्षा दी थी, जबकि इस साल संख्या 62 हजार से अधिक परीक्षार्थी हैं।