ज्ञानपुर। धनतेरस पर जिले के बाजारों में धन की बरसात हुई। सुबह से देर रात तक भारी खरीदारी हुई। सोना-चांदी, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटो मोबाइल और बरतन के बाजार में भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान सौ करोड़ से अधिक के कारोबार का अनुमान लगाया जा रहा है। महंगाई के कारण सोने की खरीद थोड़ी कम रही। तमाम खरीदारों ने बजट के हिसाब से आभूषणों का वजन कम कर खरीदारी की। शाम को भगवान धन्वंतरि की विधि विधान से पूजा हुई।
धनतेरस पर सोमवार को सुबह से ही बाजार सज गए। सर्राफा, बरतन, इलेक्ट्रॉनिक्स, वाहन, होम एप्लाइंसेज आदि के बाजारों में करोड़ों रुपये का वारा-न्यारा हुआ। अकेले सराफा बाजार में 10 करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ। दुपहिया और चार पहिया वाहनों की खरीदारी में भी 20 करोड़ का व्यवसाय हुआ। सुबह से लेकर देर रात तक दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही। धनतेरस धनवंतरि त्रयोदशी के उपलक्ष्य में दिवाली से दो दिन पहले मनाया जाता है। सोमवार को बाजार सोने-चांदी और इलेक्ट्रॉनिक आयटमों की चकाचौंध से दमक उठे। सर्राफा की दुकानों पर पहुंचे लोगों ने सोने और चांदी के सिक्कों की खरीदारी पर ज्यादा जोर दिया। विक्टोरिया के सिक्के भी बिके। महिलाएं गहनों से ज्यादा सिक्कों को खरीदने पर जोर दे रही थीं। बाइक बाजार में भारी बूम दिखा। धनतेरस के दिन लगभग 500 बाइकों की बिक्री हुई। ज्ञानपुर के अलावा सुरियावां, औराई, ऊंज, सीतामढ़ी, भदोही, बाबूसराय, महाराजगंज, घोसिया, चौरी, बाजारों में धनतेरस पर खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ लगी रही। व्यावसायिक नगरी गोपीगंज में धनतेरस पर खासी चहल-पहल दिखी। आभूषणों और बरतनों की दुकानों पर खरीदारी के लिए लोग उमड़े रहे। जबकि दुकानों को आकर्षक लाइटों से सजाया गया था। वहीं दुकानदारों ने ग्राहकों के लिए कई ऑफर भी रखे थे। जिनका ग्राहक फायदा उठाने से नहीं चूके। इसके अलावा रियल इस्टेट, कपड़े और अन्य आयटमों की भी धनतेरस पर जमकर खरीद हुई।
इनसेट
10 करोड़ का सराफा बाजार
ज्ञानपुर। धनतेरस पर आभूषण का बाजार आठ से 10 करोड़ का रहा। आभूषण व्यापारी संगम सेठ ने कहा कि धनतेरस पर सोने और चांदी के ही आभूषण की मांग अधिक रहती है। उन्होंने बताया कि जिले भर में करोड़ों का कारोबार हुआ। स्वर्णकार समाज गोपीगंज के संरक्षक बृजलाल सेठ ने कहा कि इस बार धनतेरस पर हार, चेन जैसे बड़े आयटमों की बजाए छोटे सामान मसलन पायल, मीना आदि की खरीदारी ज्यादा हुई। उन्होंने जिले में लगभग 10 करोड़ के सराफा कारोबार का आकलन किया।
-
20 करोड़ पार ऑटोमोबाइल का कारोबार
ज्ञानपुर। धनतेरस पर ऑटोमोबाइल का कारोबार काफी बेहतर रहा। जिले भर में ट्रैक्टर, चार पहिया और दुपहिया वाहनों की काफी बिक्री हुई। पटेल नगर स्थित अजीत आटो सेल्स के निदेशक अजीत कुमार सिंह ने कहा कि धनतेरस पर आटो मोबाइल का कारोबार बेहतर रहा। जिले भर में विभिन्न एजेंसियो से करीब 100 ट्रैक्टर, जबकि 500 से अधिक दुपहिया वाहन बिके। उन्होंने कहा कि 20 करोड़ के करीब ऑटोमोबाइल का कारोबार रहा।
इलेक्ट्रॉनिक्स सामान दो करोड़, पांच करोड़ के बिके बरतन
ज्ञानपुर। धनतेरस पर बर्तन एवं इलेक्ट्रानिक आइटम भी जमकर बिके। साथ ही बरतन के बाजार में भी खूब तेजी रही। गोपीगंज के बड़े बर्तन व्यापारी कोमल अयोध्यावासी ने कहा कि धनतेरस पर हर वर्ग के लोग बर्तन खरीदते हैं। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग पांच करोड़ का कारोबार हुआ। वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स के बड़े कारोबारी मन्नू श्रीवास्तव का मानना है कि दो करोड़ का कारोबार जिले में हुआ।