ज्ञानपुर। नगर पंचायत खमरिया के सभासदों ने नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कहा कि नगर पंचायत में न तो पूरे शौचालय बनाए गए हैं ना ही बनवाए जा रहे सभी शौचालय पूर्ण हो सके हैं, फिर भी नगर पंचायत को ओडीएफ घोषित कर दिया गया। इसकी जांच की जानी चाहिए। इस मांग को लेकर सभासदों ने सोमवार को जिलाधिकारी को पत्रक दिया। सभासदों ने डीएम को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि नगर पंचायत के कई परिवारों को अब तक शौचालय नहीं मिला, जिससे वह खुले में शौच करने के लिए विवश हैं। शौचालय न बनने के बाद भी नगर को ओडीएफ कर दिया गया। कई सभासदों ने गलत तरीके से हस्ताक्षर कराया गया है। डीएम से मामले की जांच कराने की मांग की। जिलाधिकारी को पत्रक देेेने वाले सभासदों में राजकुमारी, दीपमाला, नीतू, अफसाना, अरविंद कुमार, मनोज बिंद आदि रहे।