लालानगर। डीघ विकास खंड के बेरासपुर गांव के कोटेदार को जिलापूर्ति अधिकारी ने दूसरी बार आरोप पत्र जारी किया है। कार्रवाई के बजाय केवल आरोप पत्र जारी किए जाने को लेकर लोगों में रोष है। कोटेदार पर कार्डधारकों से खाद्यान्न का निर्धारित मूल्य से अधिक लेने का आरोप है। बेरासपुर गांव निवासी दिव्यांग रजनीश दुबे ने जनसुनवाई पोर्टल पर कोटेदार के खिलाफ शिकायत की थी, जिस पर विभाग ने ग्रामीणों से पूछताछ की। रजनीश दुबे का आरोप सही पाया गया। इसके बाद बुधवार को डीएसओ ने जिलाधिकारी को बताया कि कोटेदार के खिलाफ आरोप पत्र जारी कर दिया गया है। गौरतलब है कि बेरासपुर के कोटेदार के खिलाफ यह दूसरी बार आरोप जारी किया गया। लेकिन, अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। कोटेदार के रवैये से उपभोक्ता नाराज हैं। उनका आरोप है कि जिलापूर्ति विभाग के कर्मचारियों और कोटेदार की मिलीभगत से जांच होने के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। गांव के निवासी नीरज तिवारी ने भी राशन कार्ड नहीं बनाने की शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।