गोपीगंज। नगर स्थित दारूल उलूम हबीबिया रिज्विया में शनिवार को दो पालियों में इग्नू की परीक्षा हुई। दोनो पालियों की परीक्षा शांति पूर्वक ढंग से संपन्न हो गई। इसमें 22 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इग्नू के समन्वयक मो. इम्तियाज अंसारी ने बताया कि प्रथम पाली में बीए, बीएससी और एमए के 52 परीक्षार्थियों में 48 उपस्थित और चार अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में बीए, बीकॉम के कुल 170 परीक्षार्थियों में 152 उपस्थित रहे और 18 अनुपस्थित रहे। परीक्षा का जायजा लेने के लिए शनिवार को विश्वविद्यालय की ओर से नामित काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. ए.एन. पांडेय पहुंचे। परीक्षा शांतिपूर्वक होने पर परीक्षा प्रभारी की सराहना की। उन्होंने बताया कि दूरस्थ शिक्षा, शिक्षा का एक ऐसा माध्यम है जिसके माध्यम से सम्पूर्ण भारत को शिक्षित किया जा सकता है। इग्नू के माध्यम से ऐसे लोग शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं जो बहुत दिनों से शिक्षा से दूर रहे हैं।