भदोही। जगत जननी मां दुर्गा की पूजा-अर्चना शुक्रवार को अपने चरम पर पहुंच गई। नवमी के चलते नगर में स्थापित पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड पड़ा। इससे कालीन नगरी का माहौल भक्तिमय हो गया। शाम होते ही मां भगवती के दर्शनार्थ भक्तों की भीड़ जैसे पंडालो में उमड़ पड़ी है। पूरा क्षेत्र भक्ति आराधना में डूब गया है। भदोही शहर समेत नईबाजार में स्थापित पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। श्री दुर्गा पूजा महासमिति के आंकड़े के अनुसार भदोही में 150 और नईबाजार 38 पंडालों की स्थापना की गई है। कई पंडालों को दूसरे शहरों के प्रसिद्ध मंदिरों का रूप दिया गया है। पंडालों को आकर्षक विद्युत झालरों से सजावट से सुंदरता देखते ही बन रही है। पंडालों में मां भगवती की विभिन्न भाव-भंगिमाओं व मुद्राओं को दर्शाया गया है। नईबाजार, मेनरोड, मर्यादपट्टी, अहमदगंज, स्टेशन रोड, चौरी रोड, औराई रोड व ज्ञानपुर रोड पर मां के गीतों और जयजयकारे से माहौल भक्तिमय हो गया है। ध्वनि विस्तारक यंत्र पर बज रहे भक्ति गीत लोगों का ध्यान बरबस पंडालों की ओर खींच रहे हैं। पूजा पंडाल निर्माण में संबंधित समितियां व्यवस्था बनाने में जुटी हैं। नवमी को भगवती भजन से क्षेत्र गूंज रहा है। विभिन्न प्रतिष्ठानों व घरों में स्थापित मां दुर्गे की वेदमंत्रों के साथ नवमी पूजन की गई। सुरक्षा के लिए जगह जगह पुलिस की तैनाती की गई है। कई स्थानों पर महिला पुलिस बल भी तैनात है। जबकि कई पंडालों की निगरानी सीसीटीवी से हो रही है।