ज्ञानपुर/सीतामढ़ी। केंद्र सरकार की किसान सम्मान योजना का अधिक से अधिक किसानों को लाभ दिलाने के लिए शासन से लेकर प्रशासन तक एड़ी चोटी का जोर लगाया जा रहा है, वहीं डीघ विकास खंड के करीब 11 हजार किसान चकबंदी के चक्रव्यूह में फंसकर योजना के लाभ से वंचित होने की नौबत है। चकबंदी न होने के कारण डीघ क्षेत्र के चार गांवों की खतौनी नहीं मिल रही है। किसान लेखपाल से लेकर तहसील का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का निराकरण नहीं हो रहा।
अंतरिम बजट में केंद्र सरकार पांच एकड़ से कम खेती वाले लघु एवं सीमांत किसानों को प्रतिमाह पांच सौ की दर से तीन किस्तों में छह हजार देने की घोषणा की। जिसकी पहली किस्त फरवरी के अंतिम सप्ताह में भेजी जानी शुरू हो जाएगी। योजना में किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन की ओर से युद्ध स्तर से काम हो रहा है। अब तक एक लाख से अधिक किसानों की फीडिंग हो चुकी है, लेकिन डीघ ब्लॉक के चार गांवों में चकबंदी न होने से वहां की खतौनी तहसील से जारी नहीं हो पा रही है। इससे उन किसानों को योजना का लाभ मिल पाना मुश्किल हो गया है। खतौनी के अभाव में लेखपाल भी फीडिंग से कन्नी काट रहे हैं। डीघ गांव में राजेंद्र दूबे, माताचरन तिवारी, प्रमोद दूबे, राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, श्यामधर चौबे, अजय सिंह, बहपूरा में पंडित पहलवान, दरोगा पांडेय, शिव चंद्र शुक्ला, भभौरी में अनिल पांडेय, शिलाशंकर, मातादुलार और धनतुलसी में छोटेलाल शुक्ला, श्रीकांत देवराज सिंह, श्री कांत शुक्ल, पंकज सिंह समेत अन्य किसान प्रभावित हैं। बता दें कि कोनिया के यह चारों गांव गंगा तटीय हैं। इन गावों में गंगा की तरी की जमीनें चकआउट यानी चकबंदी से बाहर हैं। चारो गांवों के तमाम किसानों के नाम गंगा तरी की जमीनें हैं, जो बतौर भूमिधरी दर्ज हैं। योजना का लाभ पाने वाले किसान महज 10 फीसदी ही है। शुक्रवार शाम तक एक लाख पांच हजार किसानों की फीडिंग हो गई, जो लक्ष्य से पांच हजार अधिक पहुंच चुकी है। 24 फरवरी को किसानों के खाते में पहले किस्त के रूप में दो-दो हजार रुपये जानी शुरू हो जाएगी।
तहसीलदार को दिया ज्ञापन
ज्ञानपुर। राष्ट्रीय पंचायती राज प्रधान संगठन के प्रदेश सचिव राजेंद्र मिश्र ने शुक्रवार को ज्ञानपुर तहसीलदार को ज्ञापन देकर खतौनी को लेकर आ रही समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि प्रशासन अविलंब कोई निर्णय लें अन्यथा चार गांव के किसान योजना से वंचित हो जाएंगे।
डीघ ब्लॉक के बहुपुरा, डीघ, धनतुलसी और भमौरी गांवों में खतौनी को लेकर दिक्कत आ रही है। उच्चाधिकारियों से वार्ता कर समस्या का निराकरण किया जाएगा। - राम सिंह वर्मा, एडीएम भदोही