भदोही। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की दसवीं और बारहवीं की परीक्षा के लिए जिले में चार केंद्र बनाए गए हैं। नगर के मदर हलीमा पब्लिक स्कूल में बुधवार को संगीत की परीक्षा से परीक्षाओं का शुभारंभ हो गया, जिसमें केवल एक विद्यार्थी ने परीक्षा दी। मुख्य विषयों की परीक्षा दो मार्च को अंग्रेजी से प्रारंभ होगी।
परीक्षाओं के लिए भदोही नगर के मदर हलीमा पब्लिक स्कूल और वुडवर्ड पब्लिक स्कूल, जंगीगाज के जयराजी देवी स्कूल और सीतामढ़ी के दयावंती पुंज स्कूल को केंद्र बनाया गया है। मदर हलीमा स्कूल के प्रिंसिपल शकील अहमद अंसारी ने बुधवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि लगातार सातवीं बार उनके विद्यालय को केंद्र बनाया गया है। इस वर्ष उनके विद्यालय में कुल 1004 छात्र-छात्राएं शामिल होगी। इसी प्रकार वुडवर्ड पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल शालिनी मेहरा ने बताया कि परीक्षा संपन्न कराने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। उधर परीक्षा देने आने वाले विद्यार्थियों की सहुलियत को देखते हुए विद्यालय तक पहुंचने के लिए जगह जगह सड़कों पर संकेतक भी लगा दिए गए हैं ताकि लोगों को परेशानी न हो।