भदोही/गोपीगंज। ठंड और कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगाया है। दो महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन निरस्त होने के बाद मंगलवार को दर्जनभर से अधिक ट्रेनें घंटों विलंब से चलीं। साथ ही हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल मंगलवार को निरस्त रही। इससे कड़ाके की ठंड में यात्री झेल गए। दिल्ली रूट की गाड़ियों की हालत ज्यादा खराब रही।
ठंड और कोहरे के आलम में रेलवे स्टेशन पर पहुंच कर यात्रियों को घंटों ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है। यह स्थिति जिले के भदोही और ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशनों की है। भदोही स्टेशन पर पहले ही दो ट्रेनें रद ं हैं, जबकि ज्ञानपुर रोड रूट पर 14005 सीतामढ़ी-आनंद विहार लिच्छवी एक्सप्रेस भी 14 फरवरी तक स्थगित कर दिए जाने से यात्रियों की समस्या बढ़ गई है। मंगलवार को हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल निरस्त रही, जिससे वाराणसी-भदोही के दैनिक यात्री परेशान हो गए। मंगलवार को दोनों रेलखंडों की कई ट्रेनें दो से चार घंटे देरी से चलीं। ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस मंगलवार को ढाई घंटे विलंब से आई। 12582 नई दिल्ली-मंडुआडीह एक्सप्रेस 2 घंटे देरी से आई, जबकि 12561 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस रात्रि 1:40 बजे के बदले दो घंटे विलंब से 3.40 बजे स्टेशन पर पहुंची। दरभंगा से लोकमान्य तिलक जाने वाली 11062 पवन एक्सप्रेस दो घंटे लेट रही। इसी प्रकार 12333 हावड़ा-इलाहाबाद सिटी विभूति एक्सप्रेस तीन घंटे देरी से चली। ट्रेन का समय सुबह 10.40 बजे है, जबकि यह दोपहर 1.40 बजे रवाना हो सकी। अन्य कई गाड़ियां एक से डेढ़ घंटे विलंब से चलीं।
भदोही रेल खंड पर चलने वाली हावड़ा अमृतसर पंजाब मेल मंगलवार को रद कर दी गई। काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस नई दिल्ली से दो घंटे और आनंद विहार-वाराणसी गरीब रथ तीन घंटे विलंब से भदोही स्टेशन पहुंची। ट्रेनों की लेटलतीफी और ठंड से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। यात्रियों का कहना है कि पहले ही ट्रेनों के रद होने से परेशान हैं।