ज्ञानपुर। बिजली के बड़े बकाएदारों के खिलाफ विभाग ने सख्ती दिखाई है। एक महीने में 500 बड़े बकाएदारों का कनेक्शन काटा गया। जिलेभर में 350 करोड़ से ज्यादा बिजली बिल बकाया है। जिसमें से अब तक महज 50 लाख की ही वसूली हो सकी है। विभाग ने बिजली चोरी के मामले में 26 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। बड़े बकाएदारों की सूची में सरकारी विभाग भी शामिल हैं।
बिजली चोरी रोकने और बकाया वसूलने के लिए विभाग की ओर से महीनेभर से अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बड़े बकाएदारों का कनेक्शन काटने के साथ सरकारी बकाएदारों को नोटिस जारी किया जा रहा है। बिजली विभाग के एक्सईएन अमर सिंह ने बताया कि जिलेभर में 350 करोड़ का बिजली बिल बकाया है। अभियान के तहत 50 लाख की वसूली की गई है। जिले में बिजली के 500 बड़े बकाएदारों का कनेक्शन काटा जा चुका है। बड़े बकाएदारों की सूची में पहले नंबर पर बेसिक शिक्षा विभाग है। इस पर दो करोड़ से ज्यादा का बिजली बकाया है। वहीं जिला चिकित्सालय के ऊपर 30 लाख और पुलिस विभाग पर 40 लाख रुपये बकाया है। जिन्हें विभाग की तरफ से नोटिस भेजा गया है। उन्होंने बताया कि कनेक्शन काटे जाने के बाद कुछ लोग चोरी से कटियामारी कर बिजली का प्रयोग करते पकड़े गए हैं। ऐसे 26 कटियामारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। कटियामारी में कमी आने के साथ कनेक्शनधारियों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। जिन लोगों के कनेक्शन काटे गए हैं, बकाया बिजली का बिल जमा करने के बाद ही उनका कनेक्शन जोड़ा जाएगा।