गोपीगंज। राजमार्ग पर बन रहे अंडर पास से हो रही समस्याओं को लेकर शनिवार को क्षेत्र के अमवा बाजार में सपा कार्यकर्ताओं समेत स्थानीय नागरिकों की बैठक हुई। इसमें अंडर पास निर्माण से होने वाली समस्याओं पर चर्चा की गई। सड़क निर्माण कार्य के दौरान लगातार उड़ रही धूल से लोगों में रोष रहा।
अमवा बाजार में नेशनल हाईवे पर अंडर पास निर्माण का कार्य चल रहा है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि निर्माण के दौरान पानी का छिड़काव नहीं करने से दिन भर धूल की गुबार उड़ रही है। इससे स्थानीय लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। लगातार उड़ रही धूल से दमा जैसी बीमारी का खतरा बढ़ता जा रहा है। वहीं दूसरी ओर धूल के उड़ने से सड़क हादसे का अंदेशा बना हुआ है। इससे निर्माण कार्य करा रही कंपनी के खिलाफ लोगों में दिन-ब-दिन आक्रोश पनपता जा रहा है। बैठक के दौरान सपाजन और स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए नियमित पानी का छिड़काव कराने की मांग के साथ सड़क को गड्डा मुक्त कराने की मांग की। वहीं चेताते हुए कहा कि अगर पानी का छिड़काव शुरू नहीं कराया गया तो वह प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर देवीशंकर यादव, कृष्ण कुमार, शिवलाल, रमेश कुमार, बालक दास, जितेंद्र, पंचलाल, भोला पासी आदि रहे।