ज्ञानपुर। कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी पुरानी पेंशन बहाली मंच की बैठक सोमवार को बीआरसी स्थित शिक्षक भवन में हुई। इसमें 25 अक्तूबर से जिला मुख्यालय पर शुरू हो रहे तीन दिवसीय आंदोलन को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि इस मुद्दे पर अब आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। संगठन के जिला संयोजक धर्मराज यादव ने कहा कि सरकार उनकी मांगों को नजरअंदाज कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनके हक को सरकार खत्म नहीं कर सकती। पुरानी पेंशन से कर्मचारियों को सेवानिवृत्त होने के बाद तमाम सुविधाएं मिलती थीं, लेकिन उसे बहाल नहीं किया जा रहा है। 25 से 27 अक्टूबर तक जिला मुख्यालय पर होने वाले आंदोलन में अधिक संख्या में कर्मचारियों, शिक्षकों से पहुंचने का आग्रह किया। इस मौके पर सुधीर सिंह, मनोज उपाध्याय, घनश्याम यादव, अरुण पांडेय, समरजीत, चिंतामणि दूबे, अनिल सिंह, केके मौर्य, प्रदीप सुमन, वंशराज मौर्य, अरविंद यादव, आदित्य मिश्रा, रामबली, राजनाथ आदि रहे। इसी तरह ज्ञानपुर तहसील सभागार में सोमवर को राजस्व अमीन संघ की बैठक हुई। इसमें पुरानी पेंशन की बहाली को लेकर होने वाले आंदोलन को सफल बनाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि लड़ाई आर-पार की होगी। बैठक में विद्याधर चौबे, सत्येंद्र कुमार, त्रिभुवन, शिव कुमार, शारदा प्रसाद मिश्र, रमाशंकर आदि रहे।