ज्ञानपुर (भदोही)। सहारनपुर में दलितों पर अत्याचार समेत प्रदेश में विभिन्न वर्गों के साथ हो रहे उत्पीड़न के खिलाफ जिले के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कानून-व्यवस्था ध्वस्त होने का आरोप लगाकर केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। राज्यपाल को संबोधित पांच सूत्री मांगों का ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। मांगों पर शीघ्र अमल करने की भी मांग की। चेतावनी दी कि यदि उत्पीड़न रोकने के लिए जरूरी कदम नहीं उठाया गया तो पार्टी चुप नहीं रहेगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीलम मिश्रा के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पहुंचे कांग्रेसियों ने केंद्र और प्रदेश सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त होने से हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार, छिनैती, चोरी जैसे अपराधों में बढ़ोतरी हो गई है। दलितों, गरीबों, अल्पसंख्यकों पर अत्याचार हो रहे हैं। पीड़ितों की थानों में प्राथमिकी तक नहीं लिखी जा रही है। महंगाई को ढाल बनाकर सत्ता में आई भाजपा के शासनकाल में टमाटर 90 रुपये किलो बिक रहा है। डॉ. मिश्रा ने सहारनपुर के दलित उत्पीड़न मामले की सीबीआई जांच कराने, दलितों की सुरक्षा करने, ऊंचाहार में ब्राह्मणों के हत्यारों पर कड़ी कार्रवाई करने, पीड़ितों और उनके मृतकों को आर्थिक मुआवजा देने, महिलाओं के उत्पीड़न पर अंकुश लगाने, किसानों को खाद-बीज और पर्याप्त बिजली देने आदि की मांग की। इस मौके पर माबूद खां, सुरेशचंद उपाध्याय, मृत्युंजय पांडेय, लवकुश मिश्र, जयशंकर दुबे, संतोष बघेल, परवेज हाशमी, छोटेलाल, गुलजारी लाल, महेंद्र कुमार, शशांक तिवारी, रामधनी आदि रहे।