ज्ञानपुर। जिले में बुधवार की देर रात नौ बजे से शुरू हुई बारिश बृहस्पतिवार की दोपहर तक जारी रही। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रिकार्ड 69.8 मिलीमीटर बारिश हुई। बुधवार की देर रात तेज हवाओं के साथ बारिश से ब्लैक आउट की स्थिति बन गई। आंधी तूफान से कई स्थानों पर पेड़ और मकान धराशाई हो गए हैं। 200 गांवों में बिजली आपूर्ति बंद हो गई। ज्ञानपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में व जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रात से ही ब्लैक आउट हो गया है। 15 घंटे से अधिक बिजली कटौती होने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है।
जिले में बुधवार की देर रात सीजन की सबसे अच्छी बारिश हुई है। देर रात करीब नौ बजे तेज गरज चमक के साथ शुरू हुई बारिश पूरी रात चलती रही। स्थिति यह रही कि पूरी रात बारिश का क्रम नहीं रूका। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में 69.8 एमएम बारिश हुई। इससे कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई। आवागमन के दौरान राहगीरों को दिक्कतें हुई। मौसम सुहाना होने पर उमस भरी गर्मी से राहत मिली और खेतों में बरसात का पानी भर गया। इससे किसान दिनभर धान की रोपाई में जुटे रहे। चौरी के चकिया तिराहा के पास सड़क पर खोदे गए गड्ढे में बरसात का पानी लग गया। इससे आवागमन के दौरान दिक्कतें हुईं। चौरी बाजार के मेन रोड पर दर्जनों दुकान के सामने बरसात का पानी लगने से परेशानी हुई। कारोबार ठप रहा। सुरियावां नगर में बारिश के कारण खुले स्थानों पर डंप किया गया कूड़ा सड़क पर आ गया। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि बुधवार की देर रात इस सीजन की सबसे अच्छी बारिश हुई है। 24 घंटे में रिकार्ड 69.8 एमएम बारिश हुई। बताया कि बारिश के क्रम आने वाले दिनों में भी देखने को मिल सकता है।
200 गांवों में 15 घंटे तक बिजली गुल
बारिश के कारण जनपद में बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई। 200 गांवों में करीब 15 घंटे तक बिजली कटी रही, अंधरे में लोगों की रात गुजरी। गोपीगंज में बिजली की ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या रही। अभोली में 33 हजार और 11 हजार हाईटेंशन बिजली के तार पर पेड़ गिरने से दुर्गागंज, अभोली, मिश्राइनपुर, फत्तुपुर विद्युत उपकेंद्र सहित करनपुर, मिश्राइनपुर, भानीपुर, प्रयागपुर, हरिकरन बिजली कटी रही। धनऊपुर गांव में एक विद्युत पोल गिरने से बिजली गायब रही। एसडीओ राजेश जायसवाल ने बताया कि बृहस्पतिवार देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल की गई। महराजगंज के चकापुर उपकेंद्र के तीनों फीडर बंद रहे। चकापुर, बसंतापुर, महराजगंज में बिजली के तार पर पेड़ गिरने से रात भर बिजली गुल रही। सर्रोई, विसापुर गांव में 33 हजार हाईटेंशन लाइन पर शीशम का पेड़ गिरने से आपूर्ति बाधित रही।
हाईवे का ब्रिज बना झरना
वाराणसी-प्रयागराज हाईव पर गोपीगंज में ओवरब्रिज झरना बना गया है। बरसात का पानी नीचे सड़क पर गिरता है। हर साल बरसात से पहले ब्रिज पर बनी नाली की सफाई होती है। इस बार ऐसा नहीं हुआ है। पहलवान बीर मंदिर से लेकर गिराई पेट्रोल पंप तक बना ब्रिज बारिश के दिनों में झरना बन गया है। अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष सिराज अख्तर, अफरोज अली, पप्पू ने जिलाधिकारी से ओवरब्रिज की नाली की सफाई कराने की मांग की है।
बारिश में जमीन पर दलदल होने से गिरा पेड़
बारिश के चलते सर्रोई बाजार के पास एक पेड़ गिर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और वन विभाग ने रास्ते से पेड़ को हटवाया। औराई भदोही मार्ग पर प्रजापतीपुर गांव में एक पेड़ गिर गया। ऊंज बाजार के पास एक आम का पेड़ गिर गया। पेड़ों के गिरने से कुछ देर के लिए इन सभी मार्गों पर आवागमन प्रभावित रहा, लेकिन प्रशासने पेड़ हटवाकर आवागमन बहाल कराया।
आकाशीय बिजली गिरने से दो मवेशी की मौत
गोपीगंज के डेरवां भवानीपुर गांव में बुधवार की देर रात आकाशीय बिजली गिरने से नीम का पेड़ जमींदोज हो गया। पेड़ के नीचे बंधे एक पड़िया और एक पड़वा की मौत हो गई। गांव निवासी भरत यादव पुत्र बलिकरन यादव पेड़ के नीचे मवेशी को बांधे थे। रात के दो बजे के करीब आकाशीय बिजली गिरने से हादसा हुआ।