पत्रकार वार्ता करतीं विधायक मधुबाला पासी
मखमली कालीनों की नगरी भदोही में 25 मई को आ रहे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव औराई विधानसभा पर मेहरबान रहेंगे। मुख्यमंत्री बहुप्रतिक्षित ट्रामा सेंटर के अलावा 200 करोड़ की लागत से सोलर उर्जा प्लांट और माधोसिंह में 66 करोड़ के ओवरब्रिज का शिलान्यास करेंगे। विशेष सचिव शासन का पत्र आने के बाद औराई विधायक मधुबाला पासी ने इसकी जानकारी दी।
वह रविवार को ज्ञानपुर नगर में एक निजी भवन में पत्रकारों से रूबरू हुईं। उन्होंने बताया कि औराई के पुराने तहसील परिसर में बनने वाला ट्रामा सेंटर समाजवादी चिंतक और पूर्व एमएलसी बाबू पारसनाथ मौर्य के नाम से बनेगा। मधुबाला पासी ने बताया कि जनपद में दुर्घटनाओं के बाद घायलों को वाराणसी और इलाहाबाद रेफर किया जाता था, इससे काफी संख्या में लोग इलाज के अभाव में रास्ते में दम तोड़ देते थे। मुख्यमंत्री को इस समस्या से अवगत कराते हुए ट्रामा सेंटर की मांग की तो उन्होंने इसके लिए स्वीकृत दे दी। उन्होंने बताया कि एक करोड़ 89 लाख की लागत से बनने वाले ट्रामा सेंटर का नामकरण समाजवादी चिंतक बाबू पारसनाथ मौर्य के नाम पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाबू पारसनाथ मौर्य ट्रामा सेंटर होगा। माधोसिंह रेलवे क्रासिंग पर जाम की समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री 66 करोड़ की लागत सेे बनने वाले फोरलेन ओवरब्रिज और बिजली की समस्या से निजात दिलाने के लिए औराई में 200 करोड़ की लागत से सोलर ऊर्जा प्लांट का शिलान्यस भी मुख्यमंत्री करेंगे। उन्होंने बताया कि 268 करोड़ की परियोजनाओं के अलावा खमरिया, माधोसिंह, घोसिया में नए ट्रांसफार्मर और विद्युतीकरण के लिए भी शासन से स्वीकृति मिल गई है। शासन के विशेष सचिव अवधेश पांडेय ने इसके लिए पत्र जारी कर दिया है। इस मौके पर सपा के प्रदेश सचिव कुंवर प्रमोद चंद्र मौर्य, प्रदीप रावत, धर्मेन्द्र यादव आदि मौजूद रहे।