ज्ञानपुर। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की ढाई घंटे तक मैराथन बैठक हुई। इसमें सुपोषित 20 गांवों के सत्यापन, वजन मशीन खरीद, किशोरियों को आयरन की गोली वितरण समेत अन्य व्यवस्थाओं को पूर्ण कराने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया। समीक्षा में पाया गया कि जिले में 1345 किशोरियों में से 147 एनीमिक हैं। उनके स्वास्थ्य में सुधार के लिए अफसरों को हिदायत दी गई।
जिला कार्यक्रम अधिकारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि जिले में 62 गावं को सुपोषित गांव के लिए चयनित किया गया है, जिसमें 20 गांव कुपोषण की श्रेणी से बाहर आ चुके हैं। जिला स्तरीय और प्रदेश स्तरीय टीम मानकों का सत्यापन करेगी। इसके बाद 11 से 14 वर्ष की किशोरियों को आयरन की गोली वितरण पर चर्चा की गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयरन की गोली उपलब्ध न कराने पर डीएम ने नाराजगी जताई। सभी केंद्रों पर आयरन की गोली उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। परिषदीय स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को दी जाने वाली गुलाबी आयरन की गोली को भी उपलब्ध कराकर हर सोमवार खिलाने के लिए कहा गया। डीएम ने सभी सीडीपीओ को निर्देश दिया कि वह अपने ब्लॉक के किन्हीं पांच स्कूल या आंगनबाड़ी केंद्र को चिह्नित कर वहां पोषण वाटिका बनवाएं। जहां फलदार पौधों संग अन्य फूल-पौधे लगवाए। इसके लिए उद्यान विभाग से पौधे लिया जाए। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से 733 वजन मशीन की डिमांड सौंपी गई। डीएम ने डीपीआरओ, स्वास्थ्य विभाग, परियोजना निदेशक को निर्देश दिया कि जो बच्चे कुपोषित हैं, उनके परिवार वालों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। इस मौके पर बीएसए अमित कुमार, डीपीआरओ बालेशधर द्विवेदी आदि मौजूद रहे।