10 घंटे तक लगा रहा 20 किलोमीटर लंबा जाम
- फोटो : अमर उजाला
बक्सर-भरौली को जोड़ने वाले नए पुल पर ट्रक खराब होने के कारण एनएच-31 के साथ ही बक्सर शहर से लेकर आरा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। उजियार गंगा तट पर जाने वाले श्रद्धालुओं को घंटों जाम में फंसकर इंतजार करना पड़ा। मकर संक्रांति के मद्देनजर नरही पुलिस भरौली गोलंबर पर सुबह से ही सक्रिय रही, लेकिन 8 बजे के बाद पुलिस भी गोलंबर से गायब हो गई।
जाम को हटवाने के लिए आरपीएफ के जवान भरौली गोलंबर पर मशक्कत करते रहे। 20 किलोमीटर तक 10 घंटे तक जाम लगा रहा। जाम भरौली से नरही थाने के आगे तक पहुंच गया था। वहीं, भरौली गोलंबर से गाजीपुर जिले के सीमा तक लगा रहा।
भरौली गोलंबर पर खराब ट्रक को पुलिस कर्मी एवं ग्रामीणों ने धक्का देकर हटाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी असफल साबित हुआ। सोमवार की रात 11 बजे से जाम लगना शुरू हुआ और मंगलवार को सुबह 10 बजे तक लगा रहा। जाम और घना कोहरा दस बजे दिन तक रहा। जाम के कारण गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को भी घंटों परेशानी हुई। यदि एक जनवरी की तरह भारी वाहनों को रोक दिया गया होता तो मकर संक्रांति पर श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ता।
घने कोहरे में भी स्नानार्थी आटो रिक्शा, ई-रिक्शा, बोलेरो, स्कार्पियो, जीप, मैजिक, पिकअप गाड़ियों में सवार होकर उजियार गंगा तट पर पहुंचे। कोटवा नारायणपुर गंगा तट, भरौली गंगा तट, गोविन्दपुर गंगा तट, बड़का खेत पलिया खास गंगा के छाड़न में श्रद्धालुओं का दोपहर तक गंगा में आस्था की डुबकी लगाने का सिलसिला चलता रहा।