भदोही। नगर पालिका की ओर से सोमवार को भदोही रेलवे स्टेशन परिसर में रैन बसेरा स्थापित कर दिया गया। इसमें पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग कुल 20 बेड स्थापित किए गए हैं। कहा कि आवश्यकता पड़ने पर बेड बढ़ाने की भी व्यवस्था है। अध्यक्ष नरगिस अतहर के पति सभासद डॉ. अतहर अंसारी ने रैन बसेरा का शुभारंभ किया। कहा कि रैन बसेरा स्थापित करने के पीछे शासन की मंशा यह है कि दूरदराज के लोगों को यदि भदोही में किसी कारण वश रुकना पड़े तो उन्हें कोई दिक्कत न हो। उन्होंने पालिका अधिकारियों से कहा कि किसी भी रुकने वाले को कोई दिक्कत न हो, इसका ख्याल रखा जाए। अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह ने बताया कि 12 बेड पुरुषों के लिए और आठ बेड महिलाओं के लिए बनाए गए हैं। बेड के साथ ओढ़ना बिछौना की मुकम्मल व्यवस्था की गई है। अधिक ठंड बढ़ने पर अलाव की भी व्यवस्था कराई जाएगी। कहा कि रैन बसेरा वाटरप्रूफ है। इसके अलावा पीने का पानी और प्राथमिक उपचार की भी व्यवस्था वहां रहेगी। वहां ठहरने वालों की देखरेख के लिए कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक बीबी मिश्र, सभासद हसीब खां, जितेंद्र यादव, खाद्य एवं सफाई निरीक्षक मिथिलेश कुमार और हारुन खां आदि रहे।