ज्ञानपुर। यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई। पहले दिन छोटी परीक्षा होने के कारण दोनों पालियों में महज 2012 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 213 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। सुबह की पाली में पंजीकृत 203 में से नौ परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जबकि शाम की पाली में 1809 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 204 परीक्षार्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया। इस दौरान एक भी नकलची नहीं पकड़ा गया।
तीन जोन और 14 सेक्टरों मेें बंटे जिले में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स की निगहबानी में बृहस्पतिवार को यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हुईं। सुबह की पाली में हाईस्कूल की संगीत गायन और इंटरमीडिएट की काष्ठ शिल्प, ग्रंथ शिल्प और सिलाई की परीक्षा हुई। इसके लिए जिले के चार केंद्रों पर कुल 200 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 192 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि आठ परीक्षार्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया। इसी तरह सुबह की पाली में इंटरमीडिएट की सिलाई की परीक्षा में केवल तीन परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से दो परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि एक परीक्षार्थी ने परीक्षा छोड़ दी। शाम की पाली में हाईस्कूल की परीक्षा नहीं थी। जबकि इंटरमीडिएट की मनोविज्ञान, शिक्षाशास्त्र और तर्कशास्त्र की परीक्षाएं हुईं। इसके लिए जिले के 43 परीक्षा केंद्रों पर कुल 1809 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। मनोविज्ञान की परीक्षा के लिए 407 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 369 उपस्थित हुए, जबकि 38 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। शिक्षाशास्त्र की परीक्षा में पंजीकृत 1315 परीक्षार्थियों में से 162 अनुपस्थित रहे। जबकि तर्कशास्त्र की परीक्षा के लिए पंजीकृत 87 परीक्षार्थियों में से चार परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार ने कहा कि सीसीटीवी कैमरा और वॉयस रिकॉर्डर सभी केंद्रों पर ठीक से काम कर रहे हैं। इसका असर परीक्षा पर पड़ा है और नकल बिल्कुल नहीं हो रही है। परीक्षा छोड़ने वाले परीक्षार्थियों की संख्या भी 10 फीसदी से भी कम रही है।
परीक्षा का विवरण मिलने की गति धीमी
ज्ञानपुर। यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बने कंट्रोल रूम में परीक्षा केंद्रों से विवरण आने की गति बेहद धीमी रही। उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन के लिए वीएनजीआईसी को केंद्र बनाया गया है। वहां से परीक्षा में उपस्थित और अनुपस्थित परीक्षार्थियों का विवरण एकत्र होकर कंट्रोल रूम तक पहुंचने का प्रावधान बनाया गया है, लेकिन पहले ही दिन बृहस्पतिवार को शाम की पाली की परीक्षा का विवरण रात आठ बजे तक कंट्रोल रूम तक नहीं पहुंच सका था। रात साढ़े आठ बजे कंट्रोल रूम में परीक्षा का विवरण उपलब्ध हो सका।