भदोही। पतंजलि योग समिति की ओर चल रहे 100 घंटे के विशेष सह योग प्रशिक्षण शिविर का रविवार को समापन हो गया। अंतिम दिन दीक्षांत व समरसता सहभोज कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे डीएम राजेंद्र प्रसाद ने यज्ञ हवन करने के बाद कहा कि जनपद में योग से यह समिति बड़ा काम कर रही है। यदि मनुष्य योग को अपनी जीवनचर्या में शामिल कर लें तो निरोग रह सकता है।
डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य ऐसा हो कि अस्पताल न जाना पड़े। हम सबका यही उद्देश्य होना चाहिए। लेकिन उससे भी बढ़ कर यदि हम योग को अपनाते हैं तो निरोगी रहा जा सकता है। डीएम ने कालीन निर्यातक रवि पाटोदिया की ओर से उपलब्ध कराए गए डस्टबिन योग शिक्षकों को देते हुए स्वच्छता अभियान में सहयोग मांगा। सीडीओ हरिशंकर सिंह योग पर चर्चा करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति का हिस्सा है। यह अमूल्य धरोहर अपनाकर आप न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रह सकते हैं बल्कि मानसिक परेशानियों को दूर भगा सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक राजेश एस ने प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र वितरित किए। रवि पाटोदिया ने डीएम, सीडीओ, एसपी व योग कक्षा संचालकों को योग मैट भेंट किया। समिति के राज्य प्रभारी संदेश योगी ने कार्यों का लेख जोखा प्रस्तुत किया। संचालन सुरेश मौर्य ने किया। इस मौके पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सबका मन मोह लिया। उपस्थित लोगों में स्नेहलता श्रीवास्तव, आरती सिंह, रामजीत पाल, मेंहीलाल मौर्य, रामलाल, विजय शंकर, रुक्मणिकांत, राजकुमार, महेंद्र पटेल, यदुनाथ, बीके शर्मा, उमाशंकर, ऋचा सिंह, सुधा वर्मा, अर्चना पांडेय, रोशनी दुबे, प्रियंका पांडेय, संजय मौर्य, राजन, आशुतोष, विनोद, अंबिका अग्रहरि, सुरेंद्र विश्वकर्मा, अमित शर्मा मौजूद रहे।