ज्ञानपुर। अंतर्राष्ट्रीय एड्स दिवस पर शनिवार को जिले में विविध आयोजन हुए। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें लोगों को एड्स के प्रति जागरूक किया गया। छात्र-छात्राओं ने भ्रमण के दौरान कहा कि एड्स से बचने के लिए सभी को जागरूक होना चाहिए। मामूली लापरवाही से जीवन खत्म हो जाएगा।
शनिवार को विश्व एड्स दिवस मनाया गया। इस दौरान तेजी से बढ़ती बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। जंतु विज्ञान विभाग में डॉ. शुभा श्रीवास्तव के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने रैली निकाली। इसमें छात्र-छात्राएं हाथों में एड्स से जागरूकता स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर कॉलेज परिसर में घूम-घूमकर कहा कि एड्स के विषय में जानकारी ही बचाव है। डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि विश्व एड्स जागरूकता दिवस के माध्यम से लोगों को यह बताने का प्रयास किया गया कि इस बीमारी की विभीषिका क्या है। इसके अलावा जिला चिकित्सालय स्थित एआरटीसी पर डॉ. फुजैल की अगुवाई में लोगों को जानकारी देकर जागरूक किया गया। इस दौरान मरीजों की काउंसलिंग भी की गई। गौरतलब है कि जिले में एचआईवी पॉजिटिव लोगों की तादाद तेजी से बढ़ रही है। बाहर कमाने क सिलसिले में जाने वाले युवाओं के संक्रमण का शिकार होने के कारण जिले में इस वर्ष जनवरी से लेकर नवंबर तक 51 एचआईवी पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं।