घोसिया/सुरियावां। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर शनिवार को भाजपा की ओर से तीनों विधानसभाओं में कमल पद यात्रा निकाली गई। पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न गांवों में जाकर सरकार की योजनाओं का भौतिक सत्यापन किया।
औराई विधानसभा में राम जानकी मंदिर उगापुर से कमल पदयात्रा का शुभारंभ औराई विधायक दीनानाथ भास्कर और लोस प्रभारी रमेशचंद्र मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर किया। विधानसभा प्रभारी शिवशंकर यादव, सह प्रभारी लाल बहादुर मौर्य संग तीनों मंडल अध्यक्ष बागीस दुबे, राजेश सरोज, प्रमोद पाठक सहित सैकड़ों कार्यकर्ता वंदे मातरम, भारत माता की जय, जय श्री राम नारों के साथ कमल पदयात्रा लेकर निकले। विधायक ने कहा कि पदयात्रा में कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं का भौतिक सत्यापन करेंगे, जिनको लाभ नहीं मिला है, उन्हें दिलाने का प्रयास करेंगे। कहा कि भाजपा 2019 के चुनाव में 350 के लक्ष्य को पार करेगी। इस मौके पर राजेंद्र दुबे, प्रभात श्रीवास्तव, धनंजय सिंह, रोहित पांडेय, प्रदीप, संदीप, बसंत लाल, मोहम्मद अली, रत्नाकर पाठक आदि रहे। सुरियावां संवाददाता के अनुसार, बाईपास चौमुहानी पर शनिवार को भाजपा का 15 दिवसीय पदयात्रा का आगाज किया गया। जिले के प्रभारी संजय राय ने हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया। उन्होंने कहा कि सभी बूथ और मंडल संग जिले के पदाधिकारी हर रोज 15 किमी पैदल चलेंगे। वह गांव-गांव जाकर सरकार की योजनाओं की हकीकत को देखेंगे। जहां भी दिक्कत होगी, उसका निस्तारण किया जाएगा। मौके पर भदोही विधायक रवींद्र नाथ त्रिपाठी, पूर्व विधायक पूर्णमासी पंकज, राम लोलारक सिंह, अजय मोदनवाल, मूलचंद साहू, संजय श्रीवास्तव आदि रहे। संचालन गोरेलाल पांडेय ने किया।