वहिदानगर। गुरु-शिष्य का पावन रिश्ता एक बार फिर कलंकित हो गया। कोइरौना थानाक्षेत्र के एक गांव में ट्यूशन टीचर अपनी नाबालिग शिष्या को लेकर फरार हो गया। किशोरी के पिता की तहरीर पर कोइरौना थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। इससे पूर्व कटरा क्षेत्र के एक गांव में भी युवती प्रेमी के साथ चली गई थी।
कोइरौना थानाक्षेत्र की इंटरमीडिएट की 17 वर्षीय छात्रा का उसे ट्यूशन पढ़ाने वाले युवक के साथ नजदीकी हो गई थी। धीरे-धीरे उनका प्रेम परवान चढ़ता गया। बताते हैं कि दिवाली की शाम किशोरी के घर वालों ने दोनों की आपत्तिजनक हरकतें महसूस कीं तो उन्हें हिदायत दी गई। लेकिन, घर वालों की सख्ती किशोरी को नागवार गुजरी और युवक के झांसे में आकर बृहस्पतिवार की रात किसी समय वह घर छोड़कर चली गई। सुबह उसे घर पर न पाकर परिजनों के होश उड़ गए। घर वालों ने कोइरौना थाने में तहरीर दी। इस मामले में पुलिस ने अगिलहवां गांव निवासी एक युवक के खिलाफ केस दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है। इससे पूर्व गत 25 अक्टूबर को कटरा चौकी क्षेत्र की 22 वर्षीया युवती अबूझ हाल में लापता हो गई थी। इस प्रकरण को भी प्रेम प्रपंच से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि दोनों ही मामलों में पुलिस ने अब तक कोई सफलता हासिल नहीं की है।